मूकनायक मीडिया ब्यूरो | 12 दिसंबर 2024 | जयपुर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को हाथरस रेप पीड़िता के परिवार से मिले। उन्होंने 45 मिनट तक परिवार से बातचीत की। राहुल ने अचानक दौरे का प्लान बनाया। सुबह 7 बजे दिल्ली से हाथरस के लिए निकले।
राहुल गांधी गुरुवार को हाथरस रेप पीड़िता के परिवार से मिले, पिता ने राहुल गांधी को लिखा था लेटर
इसी साल, 2 जुलाई को लड़की के पिता ने राहुल को चिट्ठी लिखी थी। इसमें कहा था- 4 साल से कैद में हूं। न कोई रोजगार है। न ही रोजगार के लिए कोई बाहर जा पा रहा है। सरकार ने वादे भी पूरे नहीं किए।
हाथरस में 4 साल पहले 14 सितंबर 2020 को दलित युवती के साथ दरिंदगी हुई थी। 29 सितंबर 2020 को युवती ने दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में दम तोड़ दिया था। पुलिस ने घरवालों की सहमति के बिना युवती का रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया था।
मामला देशभर में सुर्खियों में रहा। यूपी पुलिस की जांच पर सवाल खड़े हुए तो इसकी जांच CBI को सौंपी गई थी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- राहुल हताश हैं। हाथरस मामले की जांच CBI ने की है। मामला कोर्ट में चल रहा है। राहुल यूपी को अराजकता और दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं।
पिता ने राहुल गांधी को लिखा था लेटर
जुलाई में लड़की के पिता ने राहुल गांधी को लेटर लिखा था। इसमें कहा था कि सरकार ने जो वादे किए थे, उसे पूरे नहीं किए। परिवार CRPF की कड़ी सुरक्षा में कैद है। न कोई रोजगार है। न ही रोजगार के लिए कोई बाहर जा पा रहा है। घर में 3 बेटियां हैं, उनकी पढ़ाई-लिखाई तक नहीं हो पा रही। परिवार की मानसिक स्थिति बहुत ही खराब चल रही है।
14 सितंबर, 2020 को हुई घटना बहुत ही भयानक थी, जिसमें मेरी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ। उसके रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई थी। जीभ काट दी गई। मेरी परमशिन के बिना प्रशासन ने रात में बेटी के शव को जलाया दिया।
आज तक मुझे और मेरे परिवार को यह तक नहीं पता है कि बॉडी किसकी जलाई गई थी। हमारे केस में CBI जांच हुई थी। इसमें चारों आरोपी दोषी थे। मरने से बेटी ने चारों आरोपियों का नाम बताया था। घटना के बाद बेटी का मेडिकल नहीं कराया गया। CBI ने अपनी चार्जशीट में चारों को दोषी बताया था, लेकिन ट्रायल कोर्ट 3 आरोपियों सिर्फ SC-ST एक्ट में सजा सुनाई।
सीएम योगी ने परिवार को घर और एक सदस्य को नौकरी देने लिखित आश्वासन दिया था। हाईकोर्ट लखनऊ ने नौकरी और घर देने के संबंध में यूपी सरकार को आदेश दिया था। लेकिन आदेश का पालन नहीं किया गया।
- 14 सितंबर साल 2020, पीड़ित लड़की मां और भाई के साथ खेत गई थी। इसी दौरान उसके साथ रेप की वारदात हुई। लड़की को हाथरस जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, वहां से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
- आरोप सवर्ण जाति के 4 लड़कों पर गैंगरेप का आरोप लगा। इससे बाद राजनीति शुरू हो गई। राहुल-प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता पीड़ित परिवार से मिले। पीड़ितों को 25 लाख की सरकारी मदद मिली।
- 19 सितंबर को लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप को गिरफ्तार किया। इसके बाद 26 सितंबर को लवकुश सिंह, रामू और रवि सिंह को गिरफ्तार किया गया।
- 22 सितंबर को नायब तहसीलदार ने अलीगढ़ में लड़की का बयान (डाइंग डिक्लेरेशन) लिया, इसी दिन उसका मेडिकल टेस्ट हुआ।
- 28 सितंबर को पीड़ित लड़की हालत बिगड़ गई। उसे अलीगढ़ से दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल ले जाया गया। 29 सितंबर को लड़की की मौत हो गई।
- 29-30 सितंबर की देर रात पुलिस ने लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया।
- 2 अक्टूबर को SP विक्रांत वीर, सीओ राम शब्द, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा ASI जगवीर सिंह और हेड कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया।
- 11 अक्टूबर को CBI ने केस की जांच शुरू की। 29 दिसंबर CBI ने कोर्ट में 2 हजार पन्नों की चार्जशीट फाइल की। पीड़ित परिवार के घर CRPF तैनात कर दी गई। फिर ढाई साल में 35 गवाही और 70 सुनवाई के बाद 2 मार्च, 2023 को फैसला आया।
- तीन आरोपी (रामू, लवकुश, रवि) रिहा हुए। संदीप पर गैर इरादतन हत्या का दोष साबित। उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। रेप या गैंगरेप का आरोप कोर्ट में साबित नहीं हो पाया।
डिप्टी सीएम ने कहा- स्थिति से अवगत नहीं हैं राहुल
हाथरस में स्थानीय कांग्रेस नेता चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा, ‘‘राहुल और प्रियंका ऐसे नेता हैं जो देश भर में पीड़ित लोगों के संपर्क में रहे हैं। राहुल इस परिवार के संपर्क में भी रहे हैं।” उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी ‘‘भ्रमित हैं” और ‘‘मामले की स्थिति से अवगत नहीं हैं।”
यह भी पढ़ें : षड्यंत्र का खुलासा : समरावता गाँव में आधी रात में पुलिस ने पुलिस को मारा सजा नरेश मीणा को क्यों
गांधी के दौरे के स्पष्ट कारण का जिक्र करते हुए पाठक ने कहा, ‘‘सीबीआई पहले ही इस मामले की जांच कर चुकी है और भाजपा के शासन में किसी भी अपराधी को बरी होने की इजाजत नहीं है।” वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘चाहे संभल हो या हाथरस, वह सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए वहां जाते रहते हैं, किसी और वजह से नहीं।”