मूकनायक मीडिया ब्यूरो | 04 अगस्त 2024 | जयपुर : पेरिस ओलिंपिक में भारत और ब्रिटेन के बीच मेंस हॉकी का पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। यह मैच रविवार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा।
पेरिस ओलिंपिक भारत बनाम ब्रिटेन मेंस हॉकी पहला क्वार्टर फाइनल
कोलंबस के यवेस-डु-मैनोइर स्टेडियम में वर्ल्ड नंबर-5 भारतीय टीम आज आत्मविश्वास से भरी होगी, क्योंकि टीम इंडिया पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराकर आ रही है। गेम्स के इतिहास में भारत ने हॉकी में ऑस्ट्रेलिया को 52 साल बाद हराया। टीम को आखिरी जीत 1972 के म्यूनिख ओलिंपिक में मिली थी।
दूसरी ओर, दुनिया की दूसरे नंबर की टीम ग्रेट ब्रिटेन को अपने आखिरी लीग मैच में जर्मनी के खिलाफ 1-2 की हार झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया पर जीत के साथ ही भारत पूल-बी में डिफेंडिंग चैंपियन बेल्जियम के बाद दूसरे स्थान पर रहा। जबकि ब्रिटेन पूल-ए में तीसरे नंबर पर था।
अहम फैक्ट
- भारत ने 1980 के 41 साल बाद टोक्यो ओलिंपिक में पहली बार पोडियम पर जगह बनाई थी। भारतीय हॉकी टीम 12 ओलिंपिक मेडल जीत चुकी है, इनमें आठ गोल्ड शामिल हैं।
- ग्रेट ब्रिटेन को पिछले 36 साल से हॉकी में ओलिंपिक मेडल नहीं मिला है। ब्रिटेन ने 1988 में सियोल में वेस्ट जर्मनी को 3-1 से हराकर गोल्ड जीता था। उसके बाद टीम लंदन ओलिंपिक में टॉप-4 में पहुंची थी।
टोक्यो ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन को हराया था
ओलिंपिक गेम्स में इससे पहले भारत और ब्रिटेन की भिड़ंत टोक्यो-2020 के क्वार्टर फाइनल में हुई थी। तब मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 3-1 से जीत हासिल की थी।
तब से अब तक दोनों टीमें 4 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, सभी मैच FIH प्रो-लीग 2023-24 में खेले गए। जिसमें भारत सिर्फ एक बार जीतने में सफल रहा। जून में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हुए थे, दोनों ब्रिटेन ने जीते।
हरमनप्रीत भारत के टॉप स्कोरर, गैरेथ फरलोंग 3 गोल कर चुके
इस मुकाबले में भारतीय फैंस की नजरें कप्तान हरमनप्रीत सिंह पर होंगी। वे अब तक 6 गोल कर चुके हैं। वे वर्तमान में पेरिस ओलिंपिक में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। ब्रिटेन के लिए सबसे ज्यादा 3 गोल गैरेथ फरलोंग ने किए हैं।
हर डिपार्टमेंट में बढ़त बनाना चाहेगा भारत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण मनप्रीत-हार्दिक की लीडरशिप वाली मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन का शानदार कॉर्डिनेशन रह। फ्रंट लाइन में गुरजंत और सुखजीत ने अपने खेल से ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस को दबाव में रखा। भारतीय टीम ब्रिटेन के खिलाफ एक बार फिर हर विभाग में बढ़त बनाने की कोशिश करेगी।
भारतीय खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लंबे पास का बेहतरीन इस्तेमाल किया था और टीम ब्रिटेन के खिलाफ भी इसका प्रभावी इस्तेमाल करना चाहेगी। भारत के टॉप प्लेयर्स…
- हरमनप्रीत सिंह: शानदार फॉर्म में हैं। हरमन अब तक 6 गोल कर चुके हैं और टूर्नामेंट में भारत के टॉप स्कोरर हैं।
- अभिषेक सिंह: अभिषेक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला गोल दागा। वे अब तक दो फील्ड गोल कर चुके हैं। अभिषेक भी प्रभाव छोड़ सकते हैं।
- पीआर श्रीजेश: अपना आखिरी टूर्नामेंट खेल रहे अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश गोल के सामने दीवार की तरह खड़े रहे और कई बचाव किए।
- अमित रोहिदास: टीम के फर्स्ट रसर हैं। पेनल्टी कॉर्नर के समय गोल बचाने में इनकी भूमिका अहम होती है।
- जरमनप्रीत सिंह: जरमन डिफेंस को मजबूती दे रहे हैं। ब्रिटेन के अटैक को असफल करने की जिम्मेदारी इन पर होगी।
…तो 52 साल बाद लगातार दूसरे ओलिंपिक के सेमीफाइनल में पहुंचेंगे
भारत अगर आज ब्रिटेन की चुनौती से पार पा जाता है, तो लगातार दूसरे ओलिंपिक गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंचेगा। भारत के पास 52 साल बाद यह इतिहास दोहराने का मौका है।
इससे पहले भारतीय टीम 1968 और 1972 ओलिंपिक के सेमीफाइनल में पहुंची थी। उसके बाद टीम ने 1980 में सेमीफाइनल खेलकर गोल्ड भी जीता, लेकिन इसके बाद 2020 के टोक्यो ओलिंपिक में टीम सेमीफाइनल खेल सकी।